आगरा। सुल्तानगंज की पुलिया स्थित आवासीय भवन में अवैध रूप से संचालित हेल्पिंग इंडिया ट्रॉमा सेंटर को मंगलवार को आवास विकास परिषद और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से सील कर दिया। यहां बिना अनुमति के आईसीयू चलता मिला, जिसके बाद टीम ने वहां भर्ती चार मरीजों को सुरक्षित अन्य अस्पतालों में शिफ्ट कर पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया।
आवास विकास परिषद के निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता डीबी यादव के आदेश पर प्रवर्तन दल ने मंगलवार को यह कार्रवाई की। प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जीएम खान ने बताया कि आवासीय प्रयोजन के लिए स्वीकृत भवन में व्यावसायिक गतिविधियों के तहत अस्पताल चलाया जा रहा था। भवन के दुरुपयोग को लेकर कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर यह सख्त कदम उठाया गया। सीएमओ कार्यालय की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया तो वहां अवैध रूप से आईसीयू संचालित मिला। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ. उपेंद्र कुमार, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. भरत सिंह की टीम ने एंबुलेंस की व्यवस्था की। इसके बाद मरीजों की सहमति लेकर उन्हें दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया। अस्पताल के पूरी तरह खाली होने के बाद मुख्य दरवाजे पर भी सील लगाई गई।
अस्पताल संचालक डॉ. विजय सिंघल का कहना है कि उन्होंने यह भवन इसके मालिक अरुण सौंधी से किराये पर लिया है। वह नियमित मासिक किराया चुकाते हैं। हालांकि, इस अस्पताल के अवैध संचालन के खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय में भी एक जनहित याचिका विचाराधीन है। कार्रवाई के दौरान आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार के निर्देशानुसार सहायक अभियंता योगेश कुमार, अवर अभियंता प्रशांत कुमार समेत भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।