यातायात नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने की रकम कई गुना बढ़ जाने के डर से हेलमेट की बिक्री बढ़ गई है। आगरा के बालूगंज, न्यू आगरा बाजार समेत हेलमेट की दुकानों की बिक्री में 60 फीसदी का उछाल आया है। खास बात ये है कि महिलाओं और किशोर ग्राहकों की संख्या हेलमेट खरीदने वालों में ज्यादा है।
बालूगंज में हेलमेट की 22 दुकानें हैं। इनमें से ब्रांडेड हेलमेट की मांग में इजाफा हुआ है। पूर्व में ब्रांडेड हेलमेट की मांग 500 से 700 रुपये के बीच ज्यादा थी, लेकिन चार दिनों से मांग ज्यादा होने से इस रेंज के हेलमेट स्टॉक में ही नहीं है। अब एक से डेढ़ हजार रुपये की रेंज में ही ज्यादातर हेलमेट बिक रहे हैं।
ये भी पढ़ें: फोन में है यह एप तो नहीं कटेगा चालान, RC और DL भी साथ में रखने की नहीं जरूरत
आम दिनों में 20 हेलमेट तक बेचने वाले दुकानदार अब हर दिन 30 से 35 के बीच बेच रहे हैं। बाईपास पर हेलमेट के विक्रेता संजीव मित्तल ने बताया कि आईएसआई मार्क वाले ब्रांडेड कंपनियों के हेलमेट ही ज्यादा बिक रहे हैं। आने वाले दिनों में बिक्री का आंकड़ा और तेज होने की उम्मीद है।