आगरा के बीहड़ में हर महीने दो नए हेलो गैंग तैयार हो रहे हैं। पुलिस जिस गिरोह को जेल भेजती है, उसके फरार सदस्य नया गिरोह खड़ा कर देते हैं। पिछले तीन महीनों में छह गिरोह ऐसे ही बने हैं। सिलसिला इससे पहले से चल रहा है। पहले दो-तीन गांव तक ही ये गिरोह फैले थे, अब 22 गांवों में है। पुलिस ने इन गांवों की सूची तैयार की है।
डेढ़ साल पहले तक सिर्फ एक ही हेलो गैंग था। तब इसका सरगना मुकेश था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो लगा कि गैंग खत्म हो जाएगा लेकिन अगले ही महीने एक और गैंग सामने आ गया। पिछले डेढ़ साल में हेलो गैंग के 140 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये अलग अलग 20 गिरोह के हैं। इसके बावजूद हर महीने दो नए गिरोह सामने आ रहे हैं। इस साल ही चार गिरोह पकड़े जा चुके हैं।
इन गांवों में चलेगा विशेष अभियान
बीहड़ के बाह, जैतपुर, चित्राहाट, पिनाहट, खेरा राठौर, पिढ़ौरा, बसई अरेला के 22 गांवों को चिह्नित किया गया है। इनमें गांव तड़हेता, जरार, रिठई, नया बांस, भगतनपुरा, मझटीला शामिल हैं। यहां पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। न केवल हेलो गैंग के सदस्यों को पकड़ेगी बल्कि ग्रामीणों को जागरूक करेगी कि वे इनके बारे में पुलिस को जानकारी दें।
खुद कॉल नहीं करते हैलो गैंग के सदस्य
हेलो गैंग के सदस्य ठगी के लिए खुद फोन नहीं करते हैं। ये सोशल साइट पर नौकरी, महिला मित्र बनाने, घर बैठे पैसा कमाने के झांसे वाले विज्ञापन देते हैं। जो झांसे में आकर कॉल करता है, उससे लड़की की आवाज में बात करते और खाते में रकम जमा कराकर ठग लेते हैं। पुलिस ने इन गिरोह के 25 खाते फ्रीज कराए हैं।
कॉल सेंटर के युवकों ने बनाया था पहला गिरोह
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि तीन-चार साल पहले बीहड़ के कई युवक दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कॉल सेंटरों में काम करते थे। ये नौकरी छोड़कर आए और इन्होंने हेलो गैंग बना लिया। पुलिस इनके जुर्म की कुंडली तैयार कर रही है।
ऐसे बनते चले गए गिरोह
सबसे पहले मुकेश का गैंग पकड़ा
डेढ़ साल पहले रेंज साइबर सेल ने मुकेश का गैंग सबसे पहले पकड़ा था। यह गैंग सोशल साइट पर विज्ञापन देकर ठगी का शिकार बना रहा था।
मुकेश के जेल जाते ही दो और गैंग बन गए
मुकेश के जेल जाते ही दो और गैंग बन गए। पिनाहट क्षेत्र से कीर्तिराम और बंटू के गैंग के सात सदस्य पकड़े थे। ये गैंग नौकरी दिलाने और महिला मित्र बनाने का झांसा देता है।
बाह और पिनाहट के बाद खेड़ा राठौर में बना गिरोह
पुलिस ने बाह और पिनाहट के गिरोह पकड़े तो खेरा राठौर के गांव भगतनपुरा से वीर भान ने गिरोह बना लिया। यह भी नौकरी का झांसा देकर ठगी करता है। यह एक साल पहले पकड़ा।
दायरा बढ़ा, खेड़ा राठौर में नए गिरोह बने
छह महीने पहले खेड़ा राठौर से आठ बदमाश गिरफ्तार किए गए थे। इस गैंग को प्रेम सिंह संचालित करता था। यह भी नौकरी के नाम पर ठगी करता है।
जल्द होगी गिरफ्तारी- एसएसपी
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस ने दो महीने में साइबर अपराधियों के चार बड़े गिरोह पकड़े हैं। ये सभी अलग अलग हेलो गैंग चला रहे थे। कुछ और गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली है। इन पर काम चल रहा है, जल्द गिरफ्तारी होगी।