वृंदावन (मथुरा)। शनिवार को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर क्षेत्र एवं प्रमुख मार्गों पर दिन भर जाम लगा रहा। तिराहे-चौराहों पर पुलिस बल नदारद रहने पर श्रद्धालुओं के वाहन कई घंटे जाम में फंसे रहे। उन्हें परेशानी उठानी पड़ी।
शनिवार प्रात: से ही ठा. बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर के चबूतरे, बलियारे और प्रमुख मार्गों पर भक्तों की जबर्दस्त भीड़ के कारण लोग एक के ऊपर एक चढ़ते नजर आए। मंदिर का चबूतरा और चौक खचाखच भक्तों से भरा रहा। वहीं मथुरा और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले वाहन नगर में प्रवेश होते रहे। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग व अटल्ला चुंगी से बांकेबिहारी मंदिर, रमणरेती मार्ग के दोनों ओर वाहनों को खड़ा करते रहे। जिससे वाहनों को निकलने में असुविधा होने पर जाम लग गया। गाधी मार्ग, रमणरेती मार्ग, परिक्रमा, मोतीझील क्षेत्र, विद्यापीठ चौराहा, हरिनिकुंज चौराहा पर जबर्दस्त जाम लगने से घंटों श्रद्धालुओं के वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस के तैनात न होने पर श्रद्धालु विद्यापीठ, गंाधी मार्ग पर जाम खुलवाते नजर आए। मंदिर के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्थाएं नहीं दिखाई दीं। दिनभर दुर्घटना की आशंका बनी रही।
भीड़ के दबाव में बेहोश हुई महिला
वृंदावन। शनिवार को बिहारी जी मंदिर की मुख्य गली में भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि शाम को करीब 5:30 बजे मुख्य गली में दर्शन खुलने का इंतजार कर रही महिला बेहोश हो गई। लोगों द्वारा उसे बमुश्किल वहां से बाहर निकाला गया और गली के पास ही पन्ना वाली कुंज में ले जाकर उसे चेहरे पर पानी डालकर काफी प्रयासों के बाद होश में लाया गया।