भीषण गर्मी और लू के रेड अलर्ट को देखते हुए आगरा प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 से 3 बजे तक घरों में रहने की अपील की है। डीएम मनीष बंसल ने लू, आकाशीय बिजली और नदियों में डूबने की घटनाओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को एडवाइजरी जारी करते हुए दोपहर 12 से 3 बजे तक लोगों से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। बढ़ती गर्मी, आकाशीय बिजली और नदियों में डूबने की घटनाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
विज्ञापन
मौसम विभाग द्वारा जिले में जारी भीषण लू के रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सोमवार को कहा कि अपील लोग दोपहर 12 से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। जिलाधिकारी ने सभी तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आकाशीय बिजली या अन्य आपदा से जन-धन की हानि होने पर तत्काल मौके पर पहुंचें और समयबद्ध तरीके से मुआवजा व राहत उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
प्रशासन की अपील...
लू से बचाव : लगातार पानी पिएं, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को गमछे या टोपी से ढककर ही बाहर निकलें।
लू लगने पर क्या करें : तेज सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी होने पर व्यक्ति को छाया में ले जाएं, पानी का छिड़काव करें। गंभीर स्थिति में तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाएं।
बरतें विशेष सावधानी : मजदूर लगातार काम न करें, बीच में विश्राम लें। बच्चों व पालतू जानवरों को धूप या खड़ी गाड़ियों में बिल्कुल न छोड़ें।
अन्य खतरे : नदियों के गहरे पानी में जाने से बचें।