मैनपुरी। सर्दी के बीच जिले में हार्ट के मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचे हार्ट के दो मरीजों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं जिला अस्पताल से तीन मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है। सैफई ले जाते समय एक मरीज की मौत हो गई।
शनिवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। सर्दी जनित बीमारियों से पीड़ित 112 मरीजों को फिजीशियन डॉ. जेजे राम और धर्मेंद्र कुमार ने उपचार दिया। थाना भोगांव के मोहल्ला नद्दाफान निवासी मैकू की 75 वर्षीय पत्नी अकबरी को शुक्रवार की रात हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर निवासी ज्ञान सिंह की 56 वर्षीय पत्नी कमला देवी को भी शुक्रवार की रात हार्ट अटैक पड़ा। परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। औडेंय पडरिया निवासी 68 वर्षीय उमेश चंद्र भदौरिया को शनिवार की दोपहर हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उन्हें सैफई के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई ले जा रहे थे रास्ते में उनकी मौत हो गई।