रंजना अग्निहोत्री के वाद पर बृहस्पतिवार को सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री के केस पर बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी। जिला जज की अदालत में पक्षकार रंजना अग्निहोत्री ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान तथा शाही ईदगाह के बीच हुए समझौते को चुनौती दी है तथा इसकी डिक्री रद्द करने की मांग अदालत से की है।
बाहरी लोगों ने दाखिल किए हैं केस : तनवीर
शाही ईदगाह कमेटी के सचिव एडवोकेट तनवीर अहमद ने बताया कि वर्ष 1968 से लेकर अब तक न तो स्थानीय व्यक्ति ने ईदगाह को लेकर कोई आपत्ति दर्ज कराई और न ही किसी बाहर के व्यक्ति ने इस पर विरोध व्यक्त किया। अब सितंबर 2020 में बाहरी व्यक्तिओं ने आकर अदालत के माध्यम से विवाद पैदा किया है। अभी भी दावा करने वाले अधिकांश लोग बाहर के हैं। जिनके द्वारा मथुरा का माहौल खराब किया जा रहा है।
हिंदू महासभा के कोषाध्यक्ष बोले- मुझे है जान को खतरा
अखिल भारत हिंदू महासभा के कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने डीएम व एसएसपी को अपनी सुरक्षा के लिए प्रार्थनापत्र दिया है। बताया गया है कि 23 मई को जब वह मथुरा से गोवर्धन जा रहे थे तो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों ने उनका पीछा किया और कई दफा उनकी गाड़ी को रुकवाने का प्रयास किया। चूंकि उन्होंने पूर्व में ईदगाह पर लड्डू गोपाल जी का अभिषेक व अब गंगा-जमुना के जल से धोने की मांग अदालत से की है। इसलिए कुछ लोग उनका पीछा कर रहे हैं और उनकी एवं उनके बच्चों की कभी भी हत्या कर सकते हैं।