जीवनी मंडी स्वास्थ्य केंद्र पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते स्वास्थ्य कर्मी।
आगरा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने दो माह से मानदेय नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान किया है। हालांकि इसमें इमरजेंसी सेवाएं बहाल रहेंगी। इससे चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित होंगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने बताया कि जिले में एनएचएम के 4500 कर्मचारी हैं। बीते मार्च-अप्रैल से मानदेय नहीं मिला है। बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्चा नहीं चल पा रहा है। मानदेय के लिए कई बार सीएमओ को भी ज्ञापन दे चुके हैं। बीते सप्ताह से काली पट्टी बांधकर चिकित्सकीय कार्य भी कर रहे हैं। ऐसे में हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि शासन तक इनकी मांग पहुंचा दी हैं। हड़ताल को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।