मैनपुरी-भोगांव। प्रसव के लिए किए गए ऑपरेशन में डॉक्टर ने स्पंज का टुकड़ा महिला के पेट में छोड़ दिया। कुछ दिन बाद जब महिला के पेट में दर्द हुआ तो जांच कराने पर इसकी जानकारी हुई। पति ने लापरवाह डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके लिए मुख्यमंत्री और एसपी को शिकायती पत्र भेजा है।
मोहल्ला चौधरी निवासी प्रदीप कुमार शाक्य ने मुख्यमंत्री और पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी है। शिकायती पत्र में कहा है कि उसने अपनी पत्नी रीना को 13 मार्च को प्रसव पीड़ा होने पर मैनपुरी के राधा रमन रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां तैनात डॉक्टर ने प्रसव कराने के 18 हजार रुपये जमा कराए। डॉक्टर दंपती ने उसकी पत्नी का रात में ऑपरेशन कर दिया। उसकी पत्नी 20 मार्च तक अस्पताल में भर्ती रही।
अचानक उसकी पत्नी के पेट में तेज दर्द होने लगा। जब हॉस्पीटल में दोनों डॉक्टरों ने अपने हाथ खड़े कर दिए तो 25 मार्च को उसने आगरा में एक निजी अस्पताल में पत्नी को भर्ती कराया। यहां जांच में पता चला कि पेट में स्पंज का टुकड़ा है, जो डॉक्टर दंपती ने लापरवाही से ऑपरेशन के वक्त पेट में छोड़ दिया। पीड़ित के अनुसार आगरा में ऑपरेशन करके डॉक्टरों ने स्पंज को पेट से निकाला।
पीड़ित का आरोप है कि मार्च से लेकर अब तक वह डॉक्टर दंपती पर कार्रवाई के लिए भटक रहा है। पुलिस के साथ ही स्वास्थ्य विभाग में शिकायत की गई, लेकिन डॉक्टर दंपती पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
आयुष्मान भारत योजना में भी शामिल है क्लीनिक
राधा रमन रोड स्थित जिस क्लीनिक पर महिला के प्रसव के दौरान स्पंज का टुकड़ा छोडने की बात सामने आई है यह हॉस्पीटल जिला प्रशासन ने आयुष्मान भारत योजना के तहत चयनित किया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो क्लीनिक पर सुविधाओं का अभाव है।