कासगंज। टीकाकरण बच्चों की जान का रक्षक है लेकिन तमाम अंजान परिवार अपने बच्चों को टीका लगवाना नहीं चाह रहे। जिले के 1023 परिवार सर्वे में ऐसे पाए गए हैं जो अपने बच्चों की जान को टीकाकरण से खतरा बता रहे हैं, हालांकि जागरूकता के लिए अब स्वास्थ्य विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। सभी एएनएम को टीकाकरण और जागरूकता की जिम्मेदारी सौंपी है।
नवजात शिशु को बीमारियों और संक्रमण से बचाने के लिए टीका लगवाया जाता है। प्रत्येक बच्चे के लिए टीका जरूरी बताया गया है। जन्म लेने के बाद मां के प्यार और दुलार के साथ साथ शिशु के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है, लेकिन जिले में टीके से ही बच्चों की जान के लिए तमाम परिवार खतरा मान बैठे हैं। तभी तो 1023 परिवार ऐसे हैं जो सर्वे में जागरूक नहीं मिले हैं। उन्होंने बच्चों को टीका लगवाने से इंकार कर दिया है। अब स्वास्थ्य विभाग इन परिवारों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रहा है। जिले में कुल 266 एएनएम हैं। इन सभी को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने अपने क्षेत्रों में टीकाकरण के लिए परिवारों को जागरूक करें और टीका लगवाएं।