मथुरा। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के साथ शहर के निजी अस्पतालों में भी खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। जिसमें दंपतियों को परिवार नियोजन के लाभ गिनाए गये और गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी दी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरह में सीएमओ डॉ. रचना गुप्ता ने कहा कि आपके खुशहाल परिवार का राज परिवार नियोजन में ही समाहित है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को खुशहाल परिवार दिवस पर 35 महिलाओं ने नसबंदी ऑपरेशन कराए और 295 महिलाओं को परिवार नियोजन के लिए परामर्श दिया गया। परिवार नियोजन के लिए परामर्श पाने वाली महिलाओं में 50 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाएं थीं। 182 नव दंपतियों को परिवार नियोजन के तरीके और फायदे गिनाए गए। परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर जो नसबंदी की गई, उनमें 23 सरकारी और 12 प्राइवेट अस्पतालों में हुईं। इस दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय सिहोरिया, डीसीपीएम पारुल शर्मा, परिवार नियोजन विशेषज्ञ पंकज पाठक एवं मुकेश कुमार आदि थे।