मैनपुरी। जिले में कोरोना संक्रमण से मरीजों की लगातार मौत हो रही है। पिछले 24 घंटे में कोविड अस्पताल के तीन मरीजों सहित चार की मौत हो गई। वहीं तीन मरीजों को गंभीर हालत के चलते रेफर किया गया है।
बिछवां थाना क्षेत्र के गांव हवेली तिसौली निवासी 55 वर्षीय आरएस यादव को कोरोना संक्रमित होने के कारण कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की रात उपचार के दौरान कोविड अस्पताल में दम तोड़ दिया। भावलपुर निवासी 57 वर्षीय शंकरदयाल को कोरोना संक्रमित होने पर शनिवार को कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान शनिवार की रात उनकी मौत हो गई।
जसवंतपुर निवासी 70 वर्षीय भीकम सिंह को भी कोरोना संक्रमित होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान शनिवार की रात उनकी मौत हो गई। कुसमरा निवासी 70 वर्षीय किशनलाल बाल्मीकि को परिजनों ने कोरोना संक्रमित होने के बाद फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उपचार के दौरान शनिवार की रात उनकी मौत हो गई।
- कोविड अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों की मौत हुई है। इनमें से एक जनपद कन्नौज का निवासी है। वहीं कुसमरा के एक संक्रमित की फर्रुखाबाद में मौत होने की जानकारी भी मिली है। - डॉ. एके पांडेय, सीएमओ।