कोसीकलां (मथुरा)। सीएचसी पर कोरोना टीका लगवाने के लिए भीड़ उमड़ रही है। वहीं रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी टीका नहीं लग पा रहे हैं। आरोप है कि स्वास्थ्यकर्मी खुलेआम पांच सौ रुपये लेकर टीकाकरण कर रहे हैं।
टीकाकरण के प्रति लोगों का रुझान बढ़ने के चलते काफी संख्या में लाभार्थियों की भीड़ टीकाकरण केंद्रों पर प्रतिदिन उमड़ रही है। जिसका नतीजा है कि तेजी से टीके की खपत हो रही है। सीएचसी में वैक्सीन लगाई जा रही है। जिसके लिए बृहस्पतिवार को भी लोगों की काफी भीड़ अस्पताल में पहुंची।
देवनगर निवासी लोकेश का कहना था कि उसने 10 मई को टीका लगवाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। उसमें 11 मई को टीका लगवाने की तारीख मिली। उसके बाद 25 मई दिखाने लगी। इससे उन्हें टीका नहीं लग पाया। यही बात बठैन गेट निवासी पंकज ने बताई। सुरेश, राकेश, जमील, राहुल का कहना था कि स्वास्थ्य कर्मचारियों को रजिस्ट्रेशन से कोई लेना-देना नहीं। उनका कहना है कि पांच सौ रुपये दो और टीका लगवाओ।
दलालों के चलते आम आदमी के टीका नहीं लग पा रहा है। वहीं कोरोना जांच के नाम पर वायल न होने पर लोगों को वापस किया जा रहा है। नगर विकास समिति के संयोजक जितेंद्र अग्रवाल ने सीएमओ को पत्र भेजकर सीएचसी पर तैनात स्टाफ की गोपनीय जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। वहीं सीएचसी प्रभारी डॉ. गिरेंद्रपाल सिंह का कहना था कि इस संबध में अगर कोई शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।