कासगंज सिढ़पुरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर फैली गंदगी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। स्वच्छता का संदेश देने वाले स्वास्थ्य केंद्र गंदगी से अटा पड़ा है। सरकारी मंशा को पलीता लगा रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिढ़पुरा पर गंदगी देख सीएमओ ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के अफसरों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिढ़पुरा में रविवार दोपहर को नसबंदी शिविर लगाया गया। यहां क्षेत्रभर की महिलाएं शिविर में पहुंची लेकिन स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी से महिलाओं को परेशानी हुई। कई महिलाओं ने मुख्य चिकित्साधिकारी से इसकी शिकायत की और आक्रोश जताया। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी की जानकारी मिलने पर सीएमओ भी नाराज दिखीं। उन्होंने अधीनस्थों को लताड़ लगाई। कहा कि जब स्वच्छता का संदेश देने वाले स्वास्थ्य केंद्र ही साफ सुथरे नहीं रहेंगे फिर स्वच्छता का संकल्प कैसे पूरा होगा। सीएमओ ने तत्काल सिढ़पुरा के चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वह गंदगी को तत्काल दूर कराएं। स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाले मरीजों को स्वच्छता का संदेश दें और स्वास्थ्य केंद्र पर स्वच्छता के स्लोगन भी लगाएं। सीएमओ ने बताया कि गंदगी की जानकारी मिलने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी की शिकायत मिली। चिकित्सक डॉ. अंजुश और डॉ. विनोद शर्मा को फोन कर निर्देशित किया है कि गंदगी की समस्या का समाधान कराएं।