फिरोजाबाद। टूंडला ब्लॉक के प्राइमरी स्कूल जाजपुर में बच्चों को वितरित किए जाने वाले गेहूं की खराब गुणवत्ता की शिकायत करने पर प्रधानाध्यापक और एबीएसए के बीच विवाद हो गया। प्रधानाध्यापक का आरोप है कि एबीएसए ने उनके फोन को फेंक दिया। मामले में प्रधानाध्यापक ने तहरीर दी है। हालांकि एबीएसए ने आरोपों को गलत बताया है।
प्राइमरी स्कूल जाजपुर टूंडला में बृहस्पतिवार को स्कूल के बच्चों के वितरण के लिए आए खाद्यान्न (गेहूं) की बोरियों को खोला गया। बोरी में काले रंग का खराब गेहूं को देखकर प्रधानाध्यापक चंद्रकांत ने गेहूं का वीडियो बनाकर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को भेज दिया। इसके साथ ही एबीएसए से शिकायत की। इस पर प्रधानाध्यापक चंद्रकांत और एबीएसए राजकुमार के बीच कहासुनी हो गई।
प्रधानाध्यापक चंद्रकांत का आरोप है कि एबीएसए राजकुमार ने शिकायत पर ध्यान न देकर मामले को टालने की कोशिश की। उनका फोन तक छीनकर फेंक दिया। इससे उनका फोन टूट गया। प्रधानाध्यापक ने टूंडला थानाध्यक्ष को मामले की तहरीर दी है। इधर, एबीएसए राजकुमार का कहना है कि मेरी पहली ज्वाइनिंग हैं। मेरा किसी से विवाद नहीं है। घटना के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। बीएसए अरविंद पाठक ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल मैनेजमेंट कमेटी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत
स्कूल मैनेजमेंट कमेटी अध्यक्ष राजन देवी ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की। इसमें पूरी घटना के बारे में बताया गया है। कहा कि घटना के दौरान मैं खुद ही वहां पर मौजूद रहीं। उन्होंने दोषी पर कार्रवाई की मांग की।