सोरोंजी। कासगंज-बदायूं मार्ग पर एआरटीओ कार्यालय के पास ट्रैक्टर और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर और बस दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी खेमकरण अपनी चिकोरी बेचकर कर ट्रैक्टर को लेकर वापस बदायूं लौट रहे थे। ट्रैक्टर उसका साथी गांव निवासी नाथूलाल चला रहा था। इस दौरन जब ट्रैक्टर एआरटीओ कार्यालय के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से ट्रैक्टर की टक्कर हो गई।
इस हादसे में ट्रैक्टर दो हिस्सों में बट गया। ट्रैक्टर के साथ रोडवेज बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रैक्टर चालक नाथूराम और उसमें सवार खेमकरण दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई है। कोतवाली प्रभारी भोजराज अवस्थी ने बताया कि मामले में अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।