एचडीएफसी बैंक के पूर्व सहायक मैनेजर को साइबर अपराध शाखा टीम ने बस स्टैंड के पास से पकड़ लिया। सहायक मैनेजर ने मोबाइल नंबर बदलकर खाते से एक लाख 56,859 रुपया अपने बैंक खाते में ट्रांसफर किया था। टीम ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है। एसएसपी ने टीम को दस हजार पुरस्कार की घोषणा की है।
एसएसपी सचिंद्र पटेल ने बताया कि थाना रसूलपुर क्षेत्र के निवासी इमरान का खाता एचडीएफसी बैंक में संचालित था। बैंक में सहायक मैनेजर के पद पर लखनऊ थाना मणिगांव के ईएसआईबी/744 सेक्टर ए निवासी अजीत यादव पुत्र सुधीर यादव तैनात रहे थे। आरोप है कि अपनी तैनाती के दौरान इमरान के एकाउंट से उसका मोबाइल नंबर हटा दिया था।
बैंक एकाउंट से एक लाख 56, 859 रुपया निकालकर अपने बैंक एकाउंट में भेज दिए थे। पीड़ित इमरान की ओर से शिकायत की गई तो थाना पुलिस हरकत में आ गई। मामला सुनवाई के लिए साइबर सेल प्रभारी कुलदीप सिंह, अभय सिंह सिसोदिया, अंकित व सुनील एवं नीरज के समक्ष पहुंचा।