वीकेंड पर ताजमहल देखने आगरा आए पर्यटकाें को जाम ने रुला दिया। एक्सप्रेस वे से आगरा आने तक जितना समय नहीं लगा उससे ज्यादा वक्त यमुना किनारा रोड पार करने में बीत गया। इतना ही नहीं जाम में एंबुलेंस और स्कूल की वैन भी फंसी रहीं। हालांकि दिन भर वाहनों की चिल्लपों से झल्लाहट में अटक-झगड़कर ताजमहल तो पहुंच गए, लेकिन वहां की लंबी लाइन ने पर्यटकों के सारे हौसले पस्त कर दिए। ऐसे में माना जा रहा है कि रविवार को हालात और बिगड़ सकते हैं, क्योंकि इस दिन सर्वाधिक पर्यटक आगरा आते हैं।
बता दें कि हाईवे पर पुल निर्माण और जवाहर पुल की जर्जर हालत की वजह से ट्रैफिक को डायवर्ट कर निकाला जा रहा है। इससे अंबेडकर पुल पर दबाव तो बढ़ा ही है साथ ही यमुना किनारा रोड को भी जद में ले लिया है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने इस रोड पर वन वे प्लान लागू कर व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए। लेकिन वीकेंड पर ये हाल होगा इसका अंदाजा नहीं था। इतना ही नहीं यमुना एक्सप्रेस वे की ओर से आने वाहन एत्माद्दौला स्मारक के सामने मोड़ पर फंसे रहे।
अंबेडकर पुल और स्ट्रेची ब्रिज का ही सहारा
अब फीरोजाबाद, हाथरस और यमुना एक्सप्रेस वे की ओर से आने वाले वाहनों को अंबेडकर पुल और स्ट्रेची ब्रिज होकर निकाला जा रहा है। जवाहर पुल पर भी अभी हल्के वाहन चलाए जा रहे हैं, लेकिन मरम्मत कार्य पूरी तरह से शुरू होने पर कुछ दिनों के लिए इस पुल से सभी प्रकार के वाहनों का संचालन बंद किया जा सकता है। ऐसे में लोगों को अंबेडकर पुल और स्ट्रेची ब्रिज का ही सहारा लेना पड़ेगा।
दिल्ली रूट से बड़ी संख्या में आते हैं पर्यटक
शनिवार और रविवार को दिल्ली और पंजाब की ओर से बड़ी संख्या में पर्यटक ताजमहल और आगरा किला देखने आते हैं। शनिवार दोपहर 12 बजे के बाद से अंबेडकर पुल पर तो वाहनों का दबाव ज्यादा नहीं था, लेकिन शहर के अंदरुनी हिस्सों से आ रहे वाहनों के कारण जीवनी मंडी से लेकर यमुना किनारा मार्ग तक कई दफा लंबा जाम लगा।
कल ‘नो एंट्री’ में खोलने का ट्रायल
माल गोदाम से लोडिंग कर सकेंगे व्यवसायी, तीन से पांच बजे तक भी मिल सकती है राहत
आगरा। नेशनल चेंबर के प्रतिनिधिमंडल ने कुछ घंटे के लिए नो एंट्री खोलने की मांग करते हुए एडीएम सिटी व एसपी ट्रैफिक से वार्ता की। प्रशासन ने यमुना ब्रिज स्थित माल गोदाम से माल उतारने के लिए सुबह 11 बजे से एक बजे तक की छूट दी है। सोमवार और मंगलवार को ट्रायल बतौैर इसे लागू किया जाएगा। शनिवार और रविवार को इस पर प्रतिबंध रहेगा। बुधवार को दोबारा समीक्षा होगी। शनिवार शाम को चेंबर के पदाधिकारियों के साथ विचार के बाद तय किया गया कि अब रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक भारी वाहन चलेंगे। अभी तक रात 10 बजे के बाद अनुमति थी। सोमवार से सुबह 11 बजे के ट्रायल में माल गोदाम से निकलने वाले वाहनों को बजरंग पेट्रोल पंप से नुनिहाई रोड से सौ फुटा रोड और कानपुर रोड की ओर निकाला जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि सकारात्मक परिणाम आने पर अंबेडकर पुल से भी भारी वाहनों को दोपहर तीन से पांच बजे तक जाने दिया जाएगा। शनिवार और रविवार को टूरिस्ट के दबाव के कारण नो एंट्री रहेगी।
उधर, उत्तर मध्य रेलवे के डीआरएम ने एक माह के भीतर कुबेरपुर स्थित माल गोदाम के प्रारंभ होने की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष भुवेश कुमार अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, एसएन अग्रवाल, संजय जैन, अमर मित्तल, मनीष अग्रवाल, राजेश गोयल, अवनीश कौशल, संजय गोयल आदि शामिल रहे। उधर, ट्रांसपोर्ट चेंबर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि एसपी ट्रैफिक ने दोपहर तीन से पांच बजे तक नो एंट्री में छूट देने का आश्वासन दिया है।