कासगंज के सोरोंजी थाना क्षेत्र के गांव रफायतपुर में मंगलवार को तड़के बारिश के कारण एक पुराने मकान का लिंटर गिर गया। लिंटर के मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई। जब लिंटर गिरने की आवाज सुनाई दी तो सभी लोग एकत्रित हो गए। शोर-शराबा मचा तो अन्य ग्रामीण मौके पर आ गए। मलबा हटाकर वृद्धा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी।
वृद्धा सूरजवती (67) की मौत से परिवार में चीत्कार मच गया। वृद्धा का पुत्र भी घर पर नहीं थी। वह बच्चों और बहनों के साथ पूर्णागिरी माता के दर्शन करने गया था। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में मदद की और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने वृद्धा के शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम कराया है। वहीं तहसील से भी टीमें मौके पर पहुंची। इसके बाद सीओ अजीत चौहान और तहसीलदार अजय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तहसीलदार अजय कुमार ने बताया कि वृद्धा के आश्रितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।
ये भी पढ़ें -
UP: भाजपा विधायक के 14 साल के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, आवास पर जुटी लोगों की भीड़
10 मिनट पहले ही पुत्रवधू कमरे से आई थी बाहर
वृद्धा सूरजवती के साथ ही उनकी पुत्रवधू शीलादेवी भी कमरे में सो रही थी, लेकिन घटना से दस मिनट पूर्व ही वह कमरे से किसी कार्य के लिए बाहर निकल आई थी। तभी यह हादसा हो गया। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर चर्चा थी कि जाको राखे सांईयां मार सके न कोय।