आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर की सूरत बदलने के सपने के साकार होने पर ब्रेक लग गया है। बिना अनुमति हरीपर्वत चौराहे से राजामंडी स्टेशन रोड तक बनने वाली मॉडल रोड का निर्माण पुलिस ने यातायात प्रभावित होने का हवाला देकर रुकवा दिया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो के काम की वजह से पुलिस ने काम रुकवाया है। वहीं, पुलिस ने अनुमति विचाराधीन होने की बात कही है।
दरअसल, माैजूदा समय में एमजी रोड पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपोरेशन की फर्म मेट्रो का निर्माण कर रही है। इससे हरीपर्वत से लेकर पूरे शहर में यातायात पर खासा दबाव है। दिनभर वाहनों को रेंग-रेंगकर चलना पड़ रहा है। सुबह और शाम व स्कूलों की छुट्टी के समय स्थिति खराब हो जाती है। इस बीच दस दिन पहले नगर निगम ने सीएम ग्रिड योजना के तहत हरीपर्वत चाैराहे के नजदीक माॅडल रोड का काम शुरू करा दिया।
करीब 64 करोड़ रुपये की लागत वाली मॉडल रोड का निर्माण शुरू होने के साथ ही चाैराहे पर लगातार जाम की स्थिति बनने लगी। चूंकि इस रोड पर शहर के कई बड़े स्वास्थ्य अस्पताल हैं। साथ ही इस रास्ते से होकर मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, मदिया कटरा तिराहा होते हुए लोहामंडी व कई शिक्षण संस्थान भी जाया जाता है। ऐसे में निर्माण कार्य की वजह से इस पूरे रूट पर ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी होता देख पुलिस ने काम रुकवा दिया।
माॅडल रोड की खासियत
सड़क को स्मार्ट लुक देने के लिए बिजली की लाइनों को पूरी तरह से भूमिगत किया जाएगा। इससे सड़क के ऊपर फैले तारों के जंजाल से मुक्ति मिलेगी और आए दिन होने वाले हादसों का खतरा भी कम होगा। पैदल चलने वाले राहगीरों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर पक्के फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। नई सड़क और व्यवस्थित डिवाइडर बनने से जाम की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। पौधे लगाकर इस मार्ग को और सुंदर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
निगम ने मांगी है अनुमति
नगर निगम ने निर्माण कार्य की अनुमति मांगी है। एडीसीपी व एसीपी ट्रैफिक की टीम को निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। इसमें यातायात पर पड़ने वाले दबाव व वैकल्पिक मार्ग आदि पर जानकारी मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर अनुमति देने पर फैसला लिया जाएगा। - सोनम कुमार, डीसीपी ट्रैफिक