आगरा की हरीपर्वत थाना पुलिस ने बिहार के गोपालगंज से शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से सात लग्जरी गाड़ियां बरामद हुई हैं। यह बिहार में शराब तस्करी में इनका उपयोग करता था।
उत्तर प्रदेश के आगरा की हरीपर्वत थाना की पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर प्रदीप भदौरिया गैंग के सदस्य को बिहार के गोपालगंज से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर सात लग्जरी कारें बरामद की गईं हैं। चुराई गई कारों का इस्तेमाल बिहार में शराब तस्करी के लिए किया जाता था।
विज्ञापन
डीसीपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने 15 दिन पहले 50 हजार के इनामी राजीव शर्मा उर्फ राजू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद उसे कोर्ट के आदेश पर रिमांड पर लिया। रिमांड में उसने बताया कि गैंग के सदस्य गाड़ी चोरी करके बिहार लेकर जाते हैं। इन गाड़ियों को शराब तस्करी करने वाले बिहार के नरकटिया निवासी अखिलेश उर्फ गुड्डू को बेच देते थे। इस आधार पर पुलिस बिहार पहुंच गई। गोपालगंज के कोनवां मोड़ के पास से एक कार के साथ अखिलेश उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया।
राजू चुरा चुका 100 से ज्यादा गाड़ियां
पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि बिहार में शराब लाने के लिए वह चोरी की गाड़ियां खरीदता है। इसके बाद उनकी नंबर प्लेट, चेसेस नंबर मिटाकर दूसरा नंबर डाल देते है। फर्जी दस्तावेज तैयार करके इनका इस्तेमाल करते है। शराब तस्करी करने के दौरान गाड़ी पकड़े जाने पर ड्राइवर भाग जाते हैं। जिस भी गाड़ी की जरूरत पड़ती तो राजू को आर्डर कर देते थे। राजू अब तक 100 से ज्यादा गाड़ियां चुरा चुका है।