बटेश्वर। थाना बाह क्षेत्र के चौरंगाबीहड़ गांव में कथित उत्पीड़न और धमकियों से आहत एक वृद्ध के फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौरंगाबीहड़ निवासी नीरज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अप्रैल 2026 को पारिवारिक रंजिश के चलते उसके दादा रामभरोसे के साथ मारपीट की गई थी। इस संबंध में थाना बाह में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से विपक्षी पक्ष लगातार परिवार पर दबाव बना रहा था और आए दिन परेशान कर रहा था। तहरीर के अनुसार, घटना से तीन-चार दिन पूर्व आरोपियों ने दोबारा राम भरोसे के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगे। आरोप है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर 15 जून को राम भरोसे ने अपने खेत में लगे नीम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजन ने आरोप लगाया है कि लगातार उत्पीड़न और धमकियों के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रजनीश, जयनारायण, रामरूप तथा वीरेंद्र उर्फ अब्बू के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।