यमुना का पावन किनारा। आसमान पर छाई काली घटाएं, शीतल मंद पवन, फूलों से सजा बाबा भोले का दरबार और बम भोले का जयघोष। कुछ ऐसा ही नजारा था रविवार की शाम को कैलाश महादेव का मंदिर का। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को कैलाश महादेव के प्राचीन मेले का शुभारंभ आईजी डीसी मिश्र ने किया। तत्पश्चात भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक किया। चंद्रकांत गिरी और निर्मल गिरी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया।
चारों ओर ओम नम: शिवाय, बम-बम भोले, हर-हर महादेव का जयकारा गूंजता रहा। आईजी जोन ने मंदिर की महिमा का वर्णन किया और प्राचीन काल से चले आ रहे मेलों की परंपरा को सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया। विधायक डा. धर्मपाल सिंह, पीके गुप्ता, अतुल तिवारी, अनिल वर्मा, मंदिर के मुख्य महंत महेश गिरी, प्रबंधन से जुड़े सतीश चंद गोस्वामी, विनोद गिरी, गौरव गिरी आदि मौजूद रहे।
आज रात तक होगा शिव का अभिषेक
भगवान परशुराम और उनके पिता महर्षि जमदाग्नि द्वारा स्थापित कैलाश महादेव मंदिर मेले के शुभारंभ के साथ ही दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक शुरू हो गया। महंतों के मुताबिक रविवार रात महाआरती के बाद कपाट बंद होने के बाद सोमवार सुबह चार बजे से आरती होगी। शाम को फूल बंगला और शृंगार दर्शन होंगे। कांवड़िये भी मंदिर के पट खुलते ही भगवान भोले का गंगा जल से अभिषेक करेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, यमुना पर बेरीकेडिंग
भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में बेरीकेडिंग की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। तेज बहाव को देखते हुए यमुना स्नान पर पाबंदी लगा दी गई है। श्रद्धालुओं को स्नान कराने के लिए फव्वारों की व्यवस्था की गई है।
हाईवे पर यातायात डायवर्ट
कैलाश मेले में आने वाले श्रद्घालुओं की भीड़ को देखते हुए हाईवे पर यातायात व्यवस्था परिवर्तित की गई है। गुरुद्वारा गुरु का ताल से लेकर शास्त्रीपुरम आरओबी तक एनएच दो बंद कर दिया गया है। शहर की ओर आने वाले वाहनों को शास्त्रीपुरम आरओबी से गुजारा जा रहा है।
राजनीतिक दलों ने लगाए पंडाल
आगरा। कैलाश महादेव मंदिर मेलेे में राजनीतिक दलों की भागीदार रहती है। सभी राजनीतिक दल अपने पंडाल लगाते हैं। वहां श्रद्धालुओं के विश्राम की व्यवस्था होगी तो पेयजल उपलब्ध कराया जाता है।
बल्केश्वर में सजेगा फूल बंगला
आगरा। बल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत कपिल नागर ने बताया कि श्रावण मास के तीसरे सोमवार को सुबह मंगला आरती के बाद बल्केश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा। शाम सात बजे भोलेनाथ का भव्य फूल बंगला सजेगा और शृंगार दर्शन होंगे।