आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में मिशन शक्ति फेज-4 के तहत आयोजित हक की बात में एक बुजुर्ग महिला ने जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह से अपने हक की बात की। कहा कि बहू-बेटे हम पति-पत्नी को घर से निकालने की धमकी देते हैं। कई बार घर से बाहर भी कर चुके हैं। इस उम्र में अब हम कहां जाएं। जिलाधिकारी ने एसपी से कार्रवाई के लिए कहा और आदेश दिया कि बहू-बेटे से मां-बाप को उनका घर दिलवाएं।
मदद के लिए पहुंचे डीएम के पास
जिलाधिकारी बृहस्पतिवार को हक की बात कार्यक्रम में महिलाओं से उनकी पीड़ा फोन पर सुन रहे थे। बुजुर्ग महिला को उन्होंने घर दिलवाने के लिए आश्वस्त किया। हालांकि रात तक न तो राजस्व कर्मी और न ही पुलिस बुजुर्ग दंपती ओमवती पत्नी शिव सिंह की मदद में पहुंच पाई थी। मामला फतेहपुर सीकरी के दुलाहरा गांव का है। इस मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मां-बाप को घर दिलाने का निर्देश राजस्व एवं पुलिस के अधिकारियों को दिया गया है। इस संबंध में वह शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी करेंगे।