शहर में हनुमान जी की पालकी में शामिल लोग।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शहर के मोहल्ला सोतियाना स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से बैंडबाजों के साथ विजय दशमी पर मंगलवार को हरिनाम संकीर्तन यात्रा निकाली गई। इस दौरान मंदिर में विधिवत ढंग से बजरंग बली की पूजा-अर्चना की गई। यात्रा में कई श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं के सुंदरकांड और हनुमान भजन से मंदिर परिसर और शोभायात्रा गुंजायमान हो उठी।
सुबह नौ बजे संकीर्तन यात्रा मोहल्ला सोतियाना स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से शुरू हुई। संकीर्तन यात्रा शुरू होने से पहले ही सैकड़ों श्रद्धालु वहां पहुंच गए। रास्ते भर श्रद्धालु हनुमान चालीसा, सुंदर कांड, हनुमान भजन गाते रहे। श्रद्धालु रास्ते भर भजनों और हनुमान चालीसा पर नाचते गाते रहे।
प्राचीन हनुमान मंदिर से शुरू हुई हरिनाम संकीर्तन यात्रा मदार दरवाजा, मोहल्ला मिश्राना, कटरा, कृष्णा टाकीज, बड़ा चौराहा, संता बसंता चौराहा, सिटी पोस्ट ऑफिस होती हुई हनुमान मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। संकीर्तन यात्रा संयोजक सौरभ चतुर्वेदी, उमेशचंद्र दुबे, संजीत गौड़, नीतेश चतुर्वेदी, मनोज चतुर्वेदी, अशोक चतुर्वेदी, प्रदीप चतुर्वेदी, कमलेश चतुर्वेदी, नीरज चतुर्वेदी, मणिकांत चतुर्वेदी मौजूद रहे।