घिरोर (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह अरांव बॉर्डर के पास करीब 40 वर्षीय युवक का अर्धनग्न शव पड़ा मिला। युवक के शरीर पर चोट के निशान हैं, पुलिस सड़क हादसा मान रही है। मौजूद लोगों के बीच हत्या की चर्चा रही। पहचान न होने के चलते पुलिस ने शव पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है।
तड़के करीब पांच बजे कुछ ग्रामीण अरांव बॉर्डर के पास से गुजर रहे थे तभी सड़क किनारे शव पड़ा देखा। उसके शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था। चोट के निशान दिख रहे थे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से शव की पहचान कराने के प्रयास कराए। पुलिस के अनुसार युवक सड़क हादसे का शिकार हुआ है। पता चला है कि रात को वह किसी होटल के पास देखा गया था। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह का कहना है कि शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।