किशनी (मैनपुरी)। शादी के महज आठ दिन ही बीते थे कि दुल्हन घर से नकदी और जेवर लेकर गायब हो गई। तलाश के बाद परेशान युवक ने अब थाने में न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने दुल्हन की तलाश शुरू कर दी है।
कस्बा के गांव बरुआ निवासी सतीश कुमार की शादी छह जून को बिहार निवासी मंशा के साथ इटावा निवासी एक रिश्तेदार की मध्यस्तता के बाद हुई थी। जब उसे नहीं पता था कि जिससे उसने शादी की है वह एक दिन उसे बर्बाद कर जाएगी।
सब कुछ ठीक चल रहा था, इस बीच 14 जून को घर से अचानक पत्नी लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं लगा। जब घर में अलमारी बक्सा आदि देखे तो परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों को नकदी और जेवर गायब मिले। दुल्हन सबकुछ लेकर भाग चुकी थी। पांच दिन तलाश में इधर उधर भटकने के बाद बुधवार को पीड़ित ने थाने आकर तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये सामान ले गई दुल्हन
सतीश कुमार ने बताया कि दुल्हन घर में रखे कुंडल, सोने की जंजीर, अंगूठी, चांदी की करधनी और पांच हजार नकदी ले गई है। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला है। रिश्तेदारों को भी जानकारी दे दी है।
मामले की शिकायत मिली है, पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आशीष कुमार, इंस्पेक्टर