कासगंज। सिढ़पुरा काेतवाली क्षेत्र में नाती ने दोस्त के साथ मिलकर अपनी दादी की हत्या कर दी। वारदात का खुलासा तब हुआ जब बाबा ने घर से गायब हुए आभूषणों के लिए सभी सदस्यों से पूछताछ की। बाबा के पूछताछ करने पर नाबालिग पौत्र ने घटना का खुलासा किया। सूचना पर पुलिस ने एक बाल अपचारी नाती समेत हत्या में शामिल उसके दोस्त दोस्त को गिरफ्तार कर किया है।कस्बा निवासी बुजुर्ग अपने पुत्र के साथ 16 फरवरी को शादी समारोह में शामिल होने के लिए जनपद शाहजहांपुर गए थे। घर पर उनकी पत्नी व उनका नाती रह गया था। 17 फरवरी की सुबह नाती ने दादी की मौत की सूचना फोन कर परिजन को दी। घर लौटने पर वृद्धा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। तेरहवीं के दिन रुपये की जरूरत पड़ने पर वृद्ध ने अलमारी को खोलकर देखा तो उसमें आभूषण व रुपये गायब थे। पूछताछ में नाती ने दोस्त मयंक सोलंकी (20) निवासी मोहल्ला सुदामानगर सिढ़पुरा के साथ मिलकर घर से जेवरात चोरी करने की बात स्वीकार की। बताया कि दादी के जागने पर दोनों ने उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। बाबा ने आरोपी नाती व उसके दोस्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर बृहस्पतिवार की रात ताजपुर मोड़ से दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से अलमारी में रखे सोने के आभूषण बरामद किए। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि नाती ने दोस्त के साथ मिलकर घर से आभूषण चोरी करने के बाद अपनी दादी की हत्या की। आरोपियों के पास से चोरी किए सोने के आभूषण बरामद कर उन्हें जेल भेजा है।
गर्लफ्रेंड पर उड़ाता था रुपये
पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपचारी के दोस्त की एक गर्लफ्रेंड थी। दोस्त की गर्लफ्रेंड ने अपनी सहेली से उसकी दोस्ती करा दी। दोनों दोस्त मिलकर गर्लफ्रेंड और अपने शौक पर रुपये खर्च करते थे। बताया गया कि पूर्व में भी नाती घर से कई बार रुपये और आभूषण चोरी कर चुका था। घर में पता न चलने पर उसकी हिम्मत बढ़ गई। 16 फरवरी को भी जब वह अलमारी से चोरी कर रहे थे तभी दादी की नींद टूट गई। दादी ने उन्हें चोरी करते देख लिया था। उसने सोचा कि दादी का गला दबा देगा तो किसी को चोरी की जानकारी नहीं होगी।