करहल। थाना क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा में हल्दी की रस्म के दौरान फायरिंग में 26 फरवरी को घायल युवक की शुक्रवार को मौत हो गई। युवक का उपचार आगरा के निजी अस्पताल में चल रहा था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।करहल के मोहल्ला खेड़ा मे बब्बन की बेटी की हल्दी की रस्म 26 फरवरी को हो रही थी। तभी दानिश पुत्र इसराइल निवासी मोहल्ला खेड़ा ने नाजायज तमंचे से हर्ष फायर की थी। वहां मौजूद सलमान पुत्र मसूद निवासी मोहल्ला काजी को पेट में गोली लग गई थी। उसे सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहां से परिजन आगरा के निजी अस्पताल में ले गए। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। इस घटना को पीड़ित और मोहल्ले के लोग व आयोजक ने पुलिस से छिपाकर रखा था। पुलिस ने जानकारी होने के बाद पड़ताल की थी। इसके बाद एसआई सतीश कुमार ने आरोपी दानिश पर केस दर्ज कराया था। अब पुलिस इस मामले में युवक की मौत होने के बाद केस को सुसंगत धाराओं में तरमीम करेगी। इंस्पेक्टर ललित भाटी ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिली है। मगर, परिजन ने अधिकारिक सूचना नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।