मंसुखपुरा के गांव रेहा की प्रधान ने ग्राम पंचायत की पहली बैठक सदस्यों के साथ पंचायत घर में करने के बजाय अपने घर में सचिव के साथ कर ली। घर में ही छह समितियों का गठन कर लिया। जबकि निर्वाचित सदस्य और ग्रामीण पंचायत घर में बैठे उनके आने का इंतजार करते रहे। मामले की जानकारी होने पर सदस्यों और ग्रामीणों ने बाह पहुंचकर एसडीएम से शिकायत की। अब उन्होंने डीएम से शिकायत करने की बात कही है।
रेहा ग्राम पंचायत में मंगलवार को पहली बैठक में शामिल होने के लिए गांव के लोग और निर्वाचित पंचायत सदस्य रामसनेही, कमल सिंह, शीतल, महेंद्र, हरिओम, सरला देवी, उर्मिला, गुड्डी देवी, गंगा देवी आदि बैठी रहीं। पूर्व प्रधान अजय कौशिक के नेतृत्व में एसडीएम से शिकायत करने बाह पहुंचे सदस्यों ने कहा कि प्रधान ने घर में ही सचिव के साथ बैठकर समितियों का गठन कर लिया है। जबकि वे पंचायत घर में उनके आने का इंतजार करते रहे। उन्होंने फिर से बैठक बुलाकर समितियों का गठन करने की मांग की है। इस सिलसिले में वे गुरुवार को डीएम से मिलकर शिकायत करेंगे। प्रधान सुनीता देवी के पति राजकुमार ने फोन पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। सचिव चेतन शर्मा ने बताया कि पहली बैठक में नियोजन एवं विकास, निर्माण कार्य, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण, प्रशासनिक, जल प्रबंधन जैसी समितियों का गठन हुआ है। उन्होंने बैठक में 15 में से 11 सदस्य मौजूद होने का दावा किया। बैठक पहले स्कूल और बाद में प्रधान के घर होने की बात कही है।
-------
इन गांवों के मामले भी हुए उजागर
आगरा। निर्वाचित सदस्यों और ग्रामीणों की अनदेखी कर प्रधानों के अपने घर में ही समितियां गठित करने के मामले लगातार उजागर हो रहे हैं। हाल ही में जैतपुर के मालौनी गांव, मढ़ेपुरा और बरहन के खेड़ी अड़ू में भी प्रधान ने अपने घर में ही बैठक कर समितियों का गठन कर लिया। यहां भी निर्वाचित सदस्य और ग्रामीण पंचायत घर में बैठ प्रधान और सचिव के आने का इंतजार करते रहे। बाद में तहसील स्तर पर इनकी शिकायत की गई।