मैनपुरी। ग्राम पंचायतों को मिलने वाले मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। जिले के नौ ब्लॉकों में कुल 552 ग्राम पंचायते हैं। इनमें बेहतर कार्य करने वाली ग्राम पंचायतें पुरस्कार के लिए 15 सितंबर से 25 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगी। इसके बाद जिला स्तर और राज्य स्तर पर इनका चयन किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए आवेदन में छह विषयों के आधार पर ग्राम पंचायतों में विकास कार्य का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें शिक्षा के नौ, स्वच्छता प्रबंधन के 22, पर्यावरण सुरक्षा के 16, उत्तम स्वशासन के 20, सामाजिक सौहार्द एवं सहभागिता के 14 और ग्राम पंचायत विकास योजना के 19 प्रतिशत अंक शामिल किए जाएंगे। जो कार्य वर्ष 2019-20 में कराए गए हैं, उन्हीं के आधार पर ये मूल्यांकन होगा। चयनित ग्राम पंचायतों को न केवल प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा बल्कि पंचायत में विकास के लिए अतिरिक्त धनराशि भी मिलेगी।
समस्या हो तो करें संपर्क
जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने बताया कि अगर ऑनलाइन आवेदन में किसी को समस्या आती है तो जिला परियोजना प्रबंधक अजय विक्रम से संपर्क किया जा सकता है।