पश्चिमी बंगाल के राज्यपाल ने किए ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को वृंदावन पहुंचे पश्चिमी बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने धर्मपत्नी के साथ ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की। काफी समय तक वो ठाकुर जी के विग्रह को निहारते रहे।
इससे पूर्व जगदीप धनखड़ ने रोटरी क्लब मथुरा सेंट्रल के दो दिवसीय डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ किया। इस मौके पर उनके साथ उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा समेत संस्था के कई पदाधिकारी मौजूद थे। पश्चिमी बंगाल के राज्यपाल ने रोटरी क्लब की ओर से किए जा रहे समाज सेवा के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सेवाभाव के प्रति समर्पित होने वाली संस्था है।
वहीं प्रदेश के ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा ने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों पर संस्था के पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की कामना भी की।