रसखान समाधि स्थल पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को महावन स्थित रसखान और ताज बीबी की समाधियों को देखा। यहां के वातावरण की सराहना करते हुए कृष्णभक्त इन दोनों कवियों की समाधियों के जीर्णोद्धार की प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने रमणरेती आश्रम में दर्शन किए। जीएलए के सीईओ नीरज अग्रवाल व फाइनेंस ऑफीसर विवेक अग्रवाल ने राज्यपाल का स्वागत किया। बता दें कि कि रसखान की समाधि स्थल की देखरेख का काम जीएलए विश्वद्यिलय कर रहा है।
दो दिवसीय मथुरा आगमन के अंतिम दिन मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल यमुनापार स्थित महावन पहुंची। यहां रसखान समाधि का भ्रमण किया। रसखान समाधि के पास प्रसिद्ध कवित्री कृष्णभक्त ताज बीबी की भी समाधि को देखा। उन्होंने रसखान एवं ताज बीबी के विचारों को सराहा। कहा कि उनके विचारों का अनुस्मरण करना चाहिए।
इस दौरान राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद की ओर से रसखान तथा ताज बीबी समाधि के जीर्णोद्धार, संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की प्रशंसा की। यहां विजिटर रजिस्टर पर उन्होंने लिखा है कि यहां आकर बहुत अच्छा लगा। ब्रज में बहुत अच्छा अनुभव रहा है, काफी अच्छे से अनुरक्षण किया हुआ है। अदभुत स्थल, कृष्णभक्ति का बेजोड़ उदाहरण है। मैं दोबारा आना पसंद करूंगी।
उन्होंने लघु चलचित्र केंद्र के माध्यम से रसखान के जीवनी पर बनी लघु फिल्म को भी देखा। इसके बाद उन्होंने संत गुरु शरणानंद महाराज के रमणरेती आश्रम का भ्रमण किया। आश्रम में मौजूद हाथी को फल-फलाहारी खिलाईं। यहां मंदिर ठाकुर रमणबिहारी के दर्शन किए। इस दौरान विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार, ओएसडी क्रांतिशेखर सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, चीफ इंजीनियर आरके जयसवाल, एसडीएम महावन डीपी सिंह और एएसआई के अधिकारी मौजूद रहे।