दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाए सरकार
-बैठक में वक्ताओं ने उठाई आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। दिव्यांग एकता कमेटी की बैठक रविवार को कचहरी रोड स्थित कार्यालय पर हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष कुमोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महंगाई को देखते हुए दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाकर 2200 रुपये मासिक की जाए। दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं में वरीयता से लाभ दिलाकर लंबित मांगें पूरी की जाएं।
बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिव्यांगों को नहीं मिल पा रहा है। आवास और शौचालय में पात्रता के बाद भी दिव्यांगों को पात्रता सूची में शामिल नहीं किया जा रहा है। आवेदन के बाद भी दिव्यांगों को पेंशन स्वीकृत नहीं की जाती है। समस्याओं का निराकरण कराने के लिए दिव्यांग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग आयोग का गठन करने के साथ ही लोकसभा और विधानसभा सीटों पर दिव्यांगों का आरक्षण तय किया जाए। वरीयता के आधार पर दिव्यांगों के आयुष्मान कार्ड, अंत्योदय राशन कार्ड, आजीविका चलाने के लिए पट्टों का आवंटन किया जाए। इस मौके पर दुर्वेश कुमार बाथम, इनाम सिंह शाक्य, योगेंद्र सिंह, बदन सिंह, आनंद कुमार, भानुप्रताप, शिवकुमार, सूरज सिंह, रामदास, सरिता, रेखादेवी मौजूद रहे।