मैनपुरी। गोपाष्टमी पर जिले भर में जगह-जगह गोपूजन किया गया। शहर की गोशाला में पहुंचे कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्रिहोत्री, चेयरमैन मनोरमा देवी, चेयरमैन प्रतिनिधि लक्ष्मण गुप्ता ने गोपूजन किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गाय समृद्धि का मूल स्रोत है। वह सृष्टि के पोषण का स्रोत है। आधुनिक युग में यदि हम इस अवसर पर गायों की रक्षा का संकल्प लें तो यह पर्व और गोविंद-गोपाल की पूजा सही अर्थों में सार्थक होगी।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने गोपाष्टमी के अवसर पर भोगांव में संचालित गो आश्रय स्थल से पशुपालक रेखा देवी, बीना देवी, श्रीदेवी को गोवंश उपलब्ध कराया। जिलाधिकारी ने अपने परिवार के साथ गोपूजन किया।
जिलाधिकारी की पत्नी अल्पना प्रकाश, बेटी मिशिका, मायरा, उप जिलाधिकारी भोगांव सुधीर कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पीके शर्मा, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वीके गर्ग, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत भोगांव आरके सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. केपी सिंह उपस्थित रहे। ज्योंती खुडिया स्थित गोशाला में मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया और एसडीएम सदर ऋषिराज ने ईओ डॉ. कल्पना वाजपेयी के साथ गोपूजन किया।
ग्रामीण अंचल में भी हुआ पूजन
बेवर/किशनी/घिरोर/ कुरावली। बेवर के बझेरा रोड पर स्थित गोशाला में गोपाष्टमी पर चेयरमैन सुनीति भाटिया, चेयरमैन प्रतिनिधि सरितकांत भाटिया और अधिशाषी अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने गोपूजन किया। घिरोर में एसडीएम अनिल कुमार कटियार, थाना प्रभारी पहलवान सिंह व चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश जाटव ने गोमाता की पूजा की।
किशनी स्थित कान्हा पशु आश्रय में अधिशाषी अधिकारी ने गोपूजन किया। जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने गोपाष्टमी पर विकास खंड किशनी के ग्राम बरिहा एवं जवापुर में गोशालाओं में गो माता की पूजा की। कुरावली की कान्हा गोशाला में डीसीबी चेयरमैन नरेंद्र सिंह राठौर, चेयरमैन संगीता वर्मा और ईओ डॉ. कल्पना बाजपेई ने गोपूजन किया।