कुरावली के कोतवाली में पुलिसकर्मियों की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दो निजी चिकित्सक सहित 13 कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें एक ब्लॉक में तैनात बाबू भी शामिल है। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3388 पहुंच गई है। संक्रमण से अब तक 3195 लोग ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 136 मरीजों का उपचार चल रहा है।
रविवार को कचहरी रोड निवासी महिला चिकित्सक डॉ. रागिनी अग्रवाल, देवी रोड निवासी प्राइवेट चिकित्सक राज दरबारी और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव मिलीं। शहर के रामादेवी कालोनी निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्य कोरोना संक्रमित मिले। कस्बा करहल में दो और करहल के गांव नगला लक्ष्मण में एक व्यक्ति पॉजिटिव संक्रमित मिला।
सदर ब्लॉक में तैनात एक बाबू भी संक्रमण की चपेट में आ गया। मोहल्ला खरगजीत नगर, चांदेश्वर रोड और सिंधिया तिराहा निवासी एक महिला भी संक्रमित मिलीं। तीन लोगों का उपचार दिल्ली में चल रहा है जबकि अन्य को होम आइसोलेट किया गया है।
चिकित्सक की हालत गंभीर
मैनपुरी। जिला अस्पताल में संचालित आयुष विंग में तैनात डॉ. पीएन वर्मा की सैफई मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। पीएन वर्मा के साथ आयुष विंग में काम करने वाले डॉ. ओमकार सिंह निवासी देवपुरा भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
उन्हें 19 अक्तूबर को ही मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया था। यहां जांच के दौरान वे कोरोना पॉजिटिव मिले। परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज से रेफर कराकर आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।