कासगंज। सदर कोतवाली पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो तमंचे, सात तमंचा बनाने की नाल, कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों ने बताया कि तीन हजार रुपये में तमंचे की बिक्री करते हैं। आस पास के अलावा पड़ोसी जनपद के लोग भी उनसे तमंचा खरीद कर ले जाते हैं।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि सदर कोतवाली निरीक्षक वीपी गिरी को सूचना मिली कि एक बाग में बने कमरे में अवैध शस्त्र बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने ग्राम सूरतपुर के बाग में घेराबंदी कर दबिश दी। दो आरोपी मौके पर अवैध शस्त्र बनाते हुए दबोच लिए गए। एक आरोपी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों में आकाश कुमार निवासी नगला चतुरिया एवं राहुल निवासी मिहारी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी अमर सिंह निवासी सूरतपुर थाना अमांपुर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से दो तमंचा 315 बोर, पांच तमंचे की नाल 315 बोर, दो नाल 32 बोर तमंचा, कारतूस एवं शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।