ताजमहल का दीदार करने आए पर्यटक का रुपयों और जरूरी दस्तावेज से भरा बैग गायब हो गया। पर्यटक के होश उड़ गए। शिकायत पर गोल्फ कार्ट स्टाफ और पर्यटन पुलिस तलाश में जुट गई। बैग को खोजकर वापस किया।
आगरा में पर्यटन पुलिस और एडीए के गोल्फ कार्ट स्टाफ की तत्परता से एक पर्यटक का कीमती सामान सुरक्षित मिल गया। बैग वापस पाकर पर्यटक के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने आगरा पुलिस व स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
कर्नाटक निवासी सचिन बैजनाथ बुधवार को ताजमहल का दीदार करने पहुंचे थे। इस दौरान उनका बैग कहीं गुम हो गया, जिसमें 17 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। बैग खोने से घबराए पर्यटक ने तुरंत इसकी सूचना पर्यटन पुलिस को दी। पर्यटन प्रभारी पूनम त्यागी ने सूचना मिलते ही टीम को तलाश में लगाया।
एडीए द्वारा संचालित गोल्फ कार्ट के चालक छोटेलाल की तत्परता और स्टाफ के राजेश यादव, दिलशाद अब्बास, भानु प्रताप व जावेद अली ने सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। कड़ी मशक्कत के बाद बैग को ढूंढ निकाला गया और पर्यटन पुलिस की मौजूदगी में पर्यटक को सकुशल सौंप दिया गया। अपना कीमती सामान और नकदी सुरक्षित पाकर पर्यटक ने आगरा पुलिस और गोल्फ कार्ट चालक की ईमानदारी की प्रशंसा की।