मैनपुरी। सोमवार को जनता दर्शन में राधानगर लहरा महुअन निवासी रामनरेश ने डीएम से शिकायत की। कहा कि वह कैंसर से पीड़ित है, महीने में एक बार चेकअप के लिए ग्वालियर जाना पड़ता है। गरीबी के चलते वह नहीं जा पा रहा है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने उसको दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
उसने डीएम को बताया कि उसका गोल्डन कार्ड बना हुआ है। गोल्डन कार्ड से ही ग्वालियर में निशुल्क इलाज हो रहा है। डीएम ने कहा गोल्डन कार्ड बनवाने का विशेष अभियान नौ अगस्त तक चलेगा। प्रत्येक गांव में शिविर लगाकर कार्ड बनाए जाएंगे।
कार्ड धारक का योजना में शामिल रागिनी अग्रवाल नर्सिंग होम, सिटी हॉस्पिटल, शिवानी हॉस्पिटल, ऑर्थो एंड फैक्चर नर्सिंग होम, पाठक हॉस्पिटल, हेमा आई हॉस्पिटल, मैनपुरी नर्सिंग होम, जेबी मेमोरियल हॉस्पिटल के अतिरिक्त जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क उपचार मिलेगा। डीएम ने बताया 4445 मरीजों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा दिलाई जा चुकी है। चिकित्सालयों को पंाच करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
पात्रता से दिलाएं शौचालय
मैनपुरी। जनता दर्शन में नगरिया खुर्द निवासी रचना, छोटी नगरिया तालदरवाजा निवासी सीता ने पात्रता के बाद भी स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत शौचालय का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। डीएम ने डीपीआरओ और बीडीओ को दो दिन में जांच करके आख्या देने को कहा। डीएम ने कहा पात्रता के आधार पर शौचालयों का लाभ दिलाया जाए।