गोवा के मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर परिकर के निधन से भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके संपर्क में रहे लोग उन्हें याद कर रहे हैं तो वहीं आगरा में हुए उनके अभिनंदन की यादें ताजा हो गई हैं। छह अक्टूबर 2016 को मनोहर परिकर आगरा आए थे। जीआईसी मैदान में शहर की तमाम सामाजिक संस्थाओं ने उनका अभिनंदन किया था।
उरी हमले के बाद भारत ने पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक की थी। सर्जिकल स्ट्राइक में तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर परिकर का अहम योगदान था। आगरा की सामाजिक संस्थाओं ने उनका अभिनंदन किया था। जीआईसी मैदान में आयोजित अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
अभिनंदन समारोह आने से पूर्व मनोहर परिकर ने खेरिया हवाई अड्डे पर सेना के अधिकारियों से भी मुलाकात की थी। करीब दो घंटे के इस कार्यक्रम में आगरा परिकर का मुरीद हो गया था।
'देशहित के लिए टेड़ा भी हो सकता हूं...'
अभिनंदन समारोह ने सभी वक्ताओं ने मनोहर पर्रिकर के सादगी पूर्ण व्यवहार की प्रशंसा की थी। जब मनोहर पर्रिकर की बोलने की बारी आई तो उन्होंने कहा कि यह सही कि मैं सीधा हूं। लोग भी मुझे सीधा समझते हैं लेकिन देश के लिए मैं टेड़ा भी हो सकता हूं...। जीआईसी मैदान पर दिया उनका यह भाषण यादगार बन गया है।
भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन पर भाजपा के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद रामशंकर कठेरिया, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, जगन प्रसाद गर्ग, राम प्रताप चौहान, चौधरी उदयभान सिंह, जीएस धर्मेश, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, केके भारद्वाज आदि ने उनके निधन का अपूर्णनीय क्षति बताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।