आगरा मंडल में समाजवादी पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले फिरोजाबाद और मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने हाथ खड़े कर दिए हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी। बता दें कि गठबंधन में यह दोनों सीटें सपा के खाते में हैं।
उत्तर प्रदेश में गठबंधन में जगह न मिलने से लगातार अपनी रणनीति बदल रही कांग्रेस ने रविवार को एक और एलान किया है। कांग्रेस ने सपा-बसपा व रालोद गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़ दी हैं। इनमें मैनपुरी और फिरोजाबाद सीट भी शामिल है।
मैनपुरी की बात करें तो पिछले आठ लोकसभा चुनावों से सपा का दबदबा है। वर्तमान में यहां से सैफई परिवार के तेजप्रताप यादव सपा सांसद हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के सीट छोड़ने पर उपचुनाव जीता था। इस बार सपा ने फिर मुलायम को प्रत्याशी बनाया है।