उत्तर मध्य रेलवे के जीएम अरुण सक्सेना सोमवार की सुबह विशेष ट्रेन से यहां पहुंचे। उन्होंने कैंट स्टेशन की अव्यवस्थाओं को देखने की जहमत तक नहीं उठाई। फतेहाबाद रोड स्थित होटल आईटीसी मुगल में सांसद और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। छोटे स्टेशनों पर पेयजल किल्लत दूर करने, कई गाड़ियों के ठहराव समेत कई मुद्दे उठाए गए।
होटल में आयोजित बैठक में फतेहपुरसीकरी के सांसद चौधरी बाबूलाल, धौलपुर, बयाना के सांसद, आगरा, मथुरा के सांसद प्रतिनिधियों ने शिरकत की। चौधरी बाबूलाल ने किरावली में ओवरब्रिज बनाने, मथुरा-कासगंज पैसेंजर को अछनेरा तक बढ़ाने, अहमदाबाद एक्सप्रेस का ठहराव अछनेरा स्टेशन पर करने, तांतपुर-हिंडौन के बीच नई रेल लाइन की शुरुआत करने, रुनकता में मालगोदाम बनवाने, फतेहपुरसीकरी स्टेशन पर गेस्ट हाउस बनाने, किरावली और अछनेरा स्टेशन पर पेयजल किल्लत दूर करने, बाह के कांकरपुरा में अंडरपास के जलभराव में डूबने से हुई तीन लड़कों की मौत के मामले में परिवारीजनों को मुआवजा दिए जाने के मुद्दे उठाए।
सांसद डा. रामशंकर कठेरिया के प्रतिनिधि प्रमोद गुप्ता गांधी ने भी लंबित प्रस्तावों पर चर्चा की। स्टेशनों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। अन्य प्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याएं जीएम के सामने रखीं। जीएम सक्सेना ने समस्याओं के निस्तारण के लिए मंडल रेल प्रबंधक को निर्देशित किया। बैठक के दौरान आगरा रेल मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।
केवल दो सांसद ही पहुंचे
उत्तर मध्य रेलवे के जीएम के साथ होने वाली बैठक पूर्व निर्धारित थी। वाबजूद इसके महज दो सांसद ही मीटिंग में पहुंच सके। रेलवे का लाखों रुपये का व्यय करने के बाद पांच सितारा होटल में आयोजित हुई बैठक में प्रमुख रूप से चौधरी बाबूलाल ने भी स्थानीय मुद्दों को उठाया।