मैनपुरी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को नगर स्थित नुमाइश पंडाल में अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाकर जिले को पहला स्थान दिलाएं ।
कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित आयोजित प्रदर्शनी, प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों द्वारा दी गई मोहक प्रस्तुति से महसूस हो रहा है कि जनपद के परिषदीय विद्यालयों का हर क्षेत्र में कायाकल्प हो चुका है। प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चे कान्वेंट स्कूल के बच्चों से किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं। यही बच्चे देश का भविष्य है। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि गौरव की बात है कि आज हमारा देश पूरे हर्षोल्लास के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह, बीएसए दीपिका गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, क्षेत्राधिकारी विजय पाल सिंह, ब्लाक प्रमुख जागीर मनेष चौहान, घिरोर, सत्यपाल सिंह यादव, सुल्तानगंज कश्मीर सिंह आदि सहित सभी खंड शिक्षाधिकारी मौजूद रहे।
पांच लाख रुपये दिए
जनपद में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के कैबिनेट मंत्री ने पांच लाख रुपये की धनराशि संस्कृति विभाग को उपलब्ध कराने की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि इसमें 51 हजार की धनराशि आज के कार्यक्रम में मनमोहक प्रस्तुति देने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए उपलब्ध कराई जाए।
अमृत महोत्सव की तैयारियों की जानकारी ली
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों के साथ हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि जनपद में 11 से 17 अगस्त के मध्य कार्यक्रम पूरी भव्यता के साथ आयोजित हों। कार्यक्रमों का डॉक्यूमेंटेशन कराया जाए। आठ अगस्त को राजकीय इंटर कॉलेज से कम से कम 25 हजार छात्रों के साथ रैली का आयोजन हो। 12 को पुलिस लाइन से गोला बाजार, डीएम आवास होते हुए भाजपा कार्यालय, जेल चौराहा होते हुए पुलिस लाइन तक हाफ मैराथन दौड़ होगी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहीद स्मारकों पर दीपोत्सव के कार्यक्रम होेंगे।
इस दौरान पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, पूर्व विधायक अशोक चौहान, प्रांतीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद तोमर आदि मौजूद रहे।