मैनपुरी। एक मोहल्ला की रहने वाली युवती की युवक ने वीडियो और फोटो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर वायरल कर दिए। युवती ने पुलिस को बताया कि थाना बिछवां क्षेत्र के गांव बीलों का रहने वाला सनी सक्सेना ने उनकी आईडी से फोटो और वीडियो ले लिए हैं और अपनी इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड कर रहा है। आरोपी बदनाम करने के साथ ही उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी ने घर पर आकर गाली गलौज व जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़िता का आरोप है कि जब शिकायत की तो आरोपी की मां शिकायत को वापस लेने का दबाव बना रही हैं। कोतवाली पुलिस केस दर्ज करने के बाद कार्रवाई में जुट गई है। संवाद
चोर को भोगांव पुलिस ने किया गिरफ्तार
मैनपुरी। बेवर, बिछवां और भोगांव में चोरी करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उससे करीब दो लाख रुपये व जेवर आदि बरामद हुए हैं। पुलिस लाइन में एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 27 मई को भोगांव के गांव विनोदपुर, 28 अप्रैल को बिछवां के नगला कविश्वर, 28 मई बिछवां को गांव जमथरी और बेवर के गांव लालपुर में 24 मई की रात चोरियां हुई थीं। सोमवार को एटा के गांव रजपुरा निवासी सूरज उर्फ नेकसू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पुलिस को 2.3 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। पूछताछ में उसने भोगांव, बेवर, बिछवां में की गईं वारदात कबूलीं। साथियों के नाम भी बताए। उसकी निशानदेही पर दो सोने की अंगूठी, चार जोड़ी पायल, एक हाय, बिछिया, करधनी आदि बरामद हुए। उसे जेल भेजा गया है। सूरज उर्फ नेकसू पर जनपद एटा, बदायूं, कन्नौज के अलावा जनपद के अलग अलग थाना क्षेत्र में करीब 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। एटा पुलिस आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई भी कर चुकी है। जल्द ही अन्य अपराधी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
नशीला पदार्थ सुंघाकर महिला से चेन और अंगूठी लूटी
करहल। एक महिला को ई-रिक्शा में बैठाकर नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके गहने चुरा लिए गए और उसे बरनाहल रोड पर छोड़ दिया गया। फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र के देवरान गढ़िया निवासी रेनू पत्नी नरेंद्र ने शिकायत में बताया कि 2 जून को सुबह करीब 10:30 बजे वह किशनी चौराहे से ई-रिक्शा से बहन के घर नगला अंती जा रही थी। ई-रिक्शा में बैठे अज्ञात लोगों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद, हमलावरों ने उसके गले में पड़ी सोने की चेन और अंगूठी ले ली। बरनाहल वाली रोड पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। संवाद
मोबाइल चोरी का केस दर्ज कराया
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव किशोरपुर निवासी राखी सिंह ने मोबाइल होने के संबंध में केस दर्ज कराया है। पुलिस को बताया कि 14 अप्रैल को वह घर से कहीं जा रही थीं। तभी किसी ने उनका मोबाइल चोरी कर लिया। काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल का पता नहीं लगा। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान पर सामान लेने जा रहे युवक को पीटा
मैनपुरी। थाना किशनी क्षेत्र के गांव नगला वनखंडी निवासी आनंद कुमार ने एलाऊ थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में चितायन में रह रहे हैं। 31 मई की रात को वह एलाऊ क्षेत्र के पास मैन रोड पर बोझी भट्ठा के पास अंशुल, गोल्डी, वर्ष कुमार ने रोक कर गाली गलौज की। विरोध करने पर उन्हें लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राहक बनकर आया दंपती सोने की चेन चुरा ले गए
कुसमरा। सदर बाजार में ग्राहक बनकर सराफा की दुकान पर पहुंचे दंपती ने मौका पर चेन चोरी कर ली। थाना किशनी क्षेत्र के गांव सोनासी निवासी इंद्रेश गुप्ता ने बताया रविवार दोपहर दंपती दुकान पर आए और सोने की चेन दिखाने को कहा। कुछ देर बाद चेन पसंद न आने की बात कह कर दंपती चले गए। सराफ ने जब चेन की गिनती की तो एक चेन कम मिली। जब सीसीटीवी देखा तो उसमें चोरी की वारदात कैद हो गई थी। इंद्रेश ने दंपती को काफी तलाश किया मगर कहीं नहीं मिले। पीड़ित ने किशनी थाने में तहरीर देकर केस दर्ज किए जाने की मांग की है।
खेत पर कब्जा करने से रोकने पर दंपती को पीटा
कुसमरा। चौकी क्षेत्र के गांव लकुटपुर में आरोपी एक किसान की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। जब किसान दंपती ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी। पीड़िता कल्पना देवी ने थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि 29 मई को गांव के वेदप्रकाश उनके खेत पर अपने साथियों के साथ आए और कब्जा करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो लाठी डंडा से पीटना शुरू कर दिया। बचाने आए पति की भी पिटाई की। पुलिस ने वेदप्रकाश, प्रमोद कुमार, दिवाकर, राजेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं घायल दंपती का मेडिकल कराने के साथ ही मामले में जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
पिता पुत्र कर रहे जमीन पर कब्जा
कुसमरा। थाना क्षेत्र के गांव नगला देवी में आरोपी पिता पुत्र बैनामाशुदा जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। पीड़ित महेंद्र सिंह ने थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि कई वर्ष पूर्व थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव तारापुर निवासी रामचंद्र से एक जमीन खरीदी थी। तभी से वह जमीन पर काबिज चले आ रहे हैं। अब उनका बेटा कृपाशंकर जमीन को दान में लिखी दिखाकर कब्जा कर रहा है। विरोध करने पर रामचंद्र व कृपाशंकर ने गालियां देते हुए पिटाई की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्तपुर के प्रधान की गाड़ी पर हमला, शीशे तोड़े, फायरिंग का भी आरोप
करहल। निमंत्रण से लौट रहे दोस्तपुर के प्रधान नगला सेवाराम निवासी सुग्रीव कुमार की गाड़ी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और फायरिंग भी की। प्रधान सुग्रीव कुमार पुत्र रामदास ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे साथी हरिओम निवासी नगला सामंत की भाभी और बहन बच्चों के साथ इटावा से गांव नगला सामंत जा रही थीं। सिरसागंज चौराहे पर दुमीला निवासी रिंकू यादव ने बदतमीजी की। हरिओम ने फोन किया तो वह मौके पर पहुंचे। रिंकू से उनकी कहासुनी हो गई। शनिवार को ही रात करीब साढ़े आठ बजे निमंत्रण देकर वह करहल आ रहे थे। नगला सुखनंदन और भट्ट के बीच केके हॉस्पिटल के पीछे छिपे बैठे दुमीला निवासी आशीष ने साथियों के साथ उनकी गाड़ी पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। 2-3 राउंड फायर कर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने बताया कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
करहल में पूर्व प्रधान के बेटे पर फायरिंग
करहल। नगला सेवाराम गांव के पूर्व प्रधान श्रीकृष्ण यादव के बेटे पर हमलावरों ने फायरिंग की और उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी। नगला सेवाराम निवासी रवि पुत्र श्रीकृष्ण ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह रविवार शाम करीब 8 बजे टाटा सफारी से दूध लेने गांव जा रहे थे। तभी सुग्रीव, विनय पुत्रगण रामदास, सत्यपाल निवासी नगला सेवाराम, चंदपुरा करहल, अवनीश उर्फ रिंकू निवासी अहलादपुर करहल, हरिओम निवासी नगला सामंत और 3 अन्य लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। पत्थरों-ईंटों से उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। किसी प्रकार वहां से भागकर घर पहुंचे। आरोपियों ने घर पर भी ईंट-पत्थर फेंके और जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर महाराज सिंह भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।