आगरा। मॉडलिंग के आकाश पर ताजनगरी की युवतियां भी चमक बिखेर रही हैं। देश-विदेश में अपने परिवार और शहर का नाम रोशन कर रही हैं। ये ब्रह्मांड सुंदरी बनीं चंडीगढ़ की हरनाज संधू की उपलब्धि से उत्साहित हैं।
ताजनगरी में मॉडलिंग की बात करें तो सबसे पहले नाम आता है रत्नावली व्यास का। वे केंद्र सरकार के आधार अभियान का हिस्सा रहीं और कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। मूल रूप से आगरा की रहने वालीं रत्नावली फिलहाल लंदन में रहती हैं और मॉडलिंग के लिए युवतियों को तराश रही हैं।
शिवांकिता दीक्षित भी मॉडलिंग की दुनिया का जाना पहचाना नाम हैं। बॉम्बे फैशन वीक सहित दर्जनों उत्पादों के लिए मॉडलिंग करने वालीं शिवांतिका आगरा की शान हैं। इनके अलावा कई अन्य युवतियां भी फैशन इंडस्ट्री में अपना जलवा बिखेर रही हैं।
अमर उजाला से विशेष बातचीत के दौरान रत्नावली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने देश को प्रतिनिधित्व करने और विजय प्राप्त करने से बड़ा कुछ भी नहीं है। हरनाज संधू ने वो कर दिखाया, जिसका इंतजार 21 साल से देश की फैशन इंडस्ट्री को था। उन्होंने देश का मान बढ़ाया है। एक बार फिर दुनिया भर की निगाहें देश की ओर टिक गई हैं। हरनाज ने अपनी उपलब्धि को अपने परिवार और देश को समर्पित किया है। उन्होंने बहुत मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।