पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : Social Media
मैनपुरी जनपद में थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव में एक युवती ने शोहदे से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। शव घर की दूसरी मंजिल पर बने बरामदा में दुपट्टा के फंदा से लटका मिला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव निवासी की 21 वर्षीय पुत्री को गांव का ही रहने वाला श्यामू चौहान काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोपी उस पर बात करने के लिए दबाव बनाता था। शनिवार को भी श्यामू ने गांव स्थित एक मंदिर के पास पुत्री को बात करने के लिए धमकाया था। मानसिक रूप से परेशान होकर युवती ने सोमवार को घर की दूसरी मंजिल के बरामदे में लगे पंखा के कुंडा में दुपट्टा का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी होने के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने दुपट्टा काटकर नीचे उतारा, लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी श्यामू के खिलाफ धमकाने, आत्महत्या के लिए प्रेरित करने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। -मधुवन कुमार, एएसपी।