क्षेत्र में छेड़खानी से तंग होकर एक छात्रा ने नहर में कूदकर जान देने की कोशिश की। पता लगते ही दौड़े परिवारीजनों ने उसे बचा लिया। इसके बाद वे छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और आपबीती सुनाई। वहीं, पुलिस का कहना है कि वह मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र की एटा रोड निवासी बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा के यादव कालोनी निवासी एक युवक से नजदीकी थी। युवक किसी मामले में जेल चला गया। इसके बाद से छात्रा ने उससे दूरी बना ली। जेल से रिहा होकर आए युवक ने छात्रा से मिलने की कोशिश तो उसने विरोध किया।
इस पर युवक पढ़ने आते-जाते समय छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगा। शुक्रवार को उस समय इंतहा हो गई जब युवक छात्रा का हाथ पकड़ कर खींचने लगा। विरोध पर हंगामा खड़ा हो गया। लोगों को आता देख युवक भाग गया। छेड़खानी से क्षुब्ध होकर छात्रा आत्महत्या के लिए भूड़ा नहर पुल पर आ गई नहर में कूदने की कोशिश की।
जानकारी होते ही परिवारीजन भागे और उसे बचा लिया। इसके बाद वे उसे लेकर थाने आए। उधर, पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। छात्रा के परिवारीजन थाने आए थे लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।