रहस्यमय ढंग से लापता हुई युवती, चारपाई पर मिले खून के निशान
- गांव जमलापुर में हुई घटना, पुलिस कुरावली पुलिस गुत्थी सुलझाने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के गांव जमलापुर में मंगलवार की देर रात एक युवती रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। चारपाई और आसपास खून बिखरा हुआ था। घटना के समय पिता खेत पर गए थे। वहीं भाई पास ही कमरे में सो रहा था। देर रात जागने पर जानकारी हो सकी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। स्थानीय पुलिस अब युवती के इस तरह से लापता होने की गुत्थी सुलझाने के प्रयास में जुट गई है।
कुरावली थाना क्षेत्र के गांव जमलापुर निवासी मंगली प्रसाद मंगलवार की शाम को खेत पर चले गए थे। घर पर 18 वर्षीय पुत्री निशा और 14 वर्षीय पुत्र शिवम थे। रात के समय शिवम कमरे में सोने के लिए चला गया और आंगन में चारपाई डाल कर सो गई थी। देर रात करीब 11 बजे जब शिवम पानी पीने के लिए बाहर आया तो देखा कि चारपाई पर बहन नहीं है। चारपाई खून पड़ा हुआ है वहीं आसपास भी खून बिखरा है। ये नजारा देख शिवम घबरा गया और शोर मचाया। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। खोजी कुत्तों ने भी घटनास्थल पर सुरागकशी की। पुलिस युवती के इस तरह से लापता होने के पीछे की गुत्थी सुलझाने के प्रयास में जुट गई है।
खून से सना दुपट्टा और एक हाथ के निशान मिले
युवती के लापता होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। चारपाई पर एक जगह खून के निशान थे। सिरहाने की ओर युवती का दुपट्टा भी रखा था। उसमें भी खून लगा हुआ था। वहीं घेर में बनी कच्ची दीवार पर एक पंजे का निशान भी मिला। मौके पर पहुंचे फोरेंसिक एक्सपर्ट ने घटनास्थल पर मिले निशान, खून लगे दुपट्टे आदि साक्ष्य जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं।
युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। जांच के साथ ही लापता हुई युवती की तलाश की जा रही है।
संजय वर्मा, सीओ कुरावली