मथुरा वृंदावन के विद्यापीठ चौराहा स्थित एक आश्रम में दो दिन पूर्व आई युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आश्रम के संचालकों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर युवती के परिवार वालों को सूचित कर दिया है।
मध्य प्रदेश के कस्बा व थाना रोन जिला भिंड निवासी कौशलेंद्र शर्मा की 24 वर्षीय पुत्री ज्योति शर्मा सात जून को वृंदावन आई थी। ज्योति ने विद्यापीठ चौराहा स्थित ब्रह्म निवास में कमरा लिया था। ज्योति कमरा नंबर 8 में रुकी हुई थी। बताया जा रहा है कि बीते दो दिन तक ज्योति कमरे से बाहर नहीं निकली। बृहस्पतिवार की दोपहर आश्रम के सफाई कर्मी दीनू जब कमरे की सफाई करने के लिए गए और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई हरकत नहीं हुई। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला। वहीं कमरे से दुर्गंध आने पर
दीनू को शक हुआ।
पुलिस ने की वीडियो रिकॉर्डिंग
दीनू ने कमरे की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। कमरे में अंदर ज्योति का शव दुपट्टे से बंधा हुआ पंखे से लटका था। कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए कमरे का बंद दरवाजा तोड़ा गया तो देखा गया कि ज्योति शर्मा का शव पंखे से लटका था। मृतका के परिजनों को मोबाइल से सूचित कर दिया गया है।
मृतका के घरवालों को दी गई सूचना
पुलिस ने पंचायत नामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि युवती ने दो दिन पहले वृंदावन आने के बाद आत्महत्या कर ली। इसीलिए शव से दुर्गंध भी आ रही थी। किन हालातों में जान दी है इस बात की पुष्टि परिवार से बात करके हो सकेगी, फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।