घिरोर। गांव नगला मही में बृहस्पतिवार को घर के बाहर खेल रही एक दो साल की मासूम बच्ची लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी पता नहीं चला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला मही निवासी रिंकू कुमार की दो वर्षीय पुत्री भावना बृहस्पतिवार की शाम करीब तीन बजे घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान बच्ची कहीं गायब हो गई, बच्ची को बाहर न देख पहले तो परिजन गांव के परिचित लोगों से जानकारी लेते रहे। लेकिन जब कोई पता नहीं लगा तो अनहोनी की आशंका से परिजन भयभीत हो गए। तुरंत ही थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घरवालों के साथ तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। देर रात तक तलाश का सिलसिला जारी रहा। इस बीच पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह ने बताया कि आसपास के थानों में फोटो आदि भेजे गए हैं। पुलिस बच्ची की तलाश के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। देर शाम एएसपी ने गांव पहुंच कर मामले की जानकारी ली।